भागलपुर/ देवरिया। भागलपुर क्षेत्र के कालीचरण घाट पर व्याप्त अंधेरे की समस्या अब जल्द ही खत्म होने वाली है। सलेमपुर के सांसद रामाशंकर विद्यार्थी ने घाट पर हाईमास्ट लाइट लगवाकर स्थायी रोशनी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। यह निर्णय समाजसेवी जगत जायसवाल की पहल पर लिया गया।
दरअसल, यह मुद्दा धरमेर महलिया में आयोजित अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। समाजसेवी जगत जायसवाल ने सांसद का ध्यान आकृष्ट करते हुए बताया कि कालीचरण घाट भले ही सलेमपुर संसदीय क्षेत्र में न आता हो, लेकिन क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण अंतिम संस्कार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए इसी घाट का उपयोग करते हैं।
उन्होंने बताया कि रात के समय घाट पर घोर अंधेरा रहता है, जिससे लोगों को मोबाइल की रोशनी में अंतिम संस्कार और स्नान जैसी क्रियाएं करनी पड़ती हैं। इससे क्षेत्रवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार जनप्रतिनिधियों से मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था। सांसद रामाशंकर विद्यार्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि भले ही यह क्षेत्र उनके संसदीय दायरे से बाहर हो, लेकिन मानवता के आधार पर वे यहां अपने सांसद निधि से हाईमास्ट लाइट लगवाने का कार्य कराएंगे।
इसी कार्यक्रम में उदय प्रताप सिंह ने सरयू नदी के किनारे प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भागलपुर, जीरासो, छिछूपुर, इशाक और धरमेर महलिया जैसे आसपास के गांव गंभीर खतरे में पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के कारण नदी का स्वरूप बदल रहा है और कटान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य लोगों ने भी दोनों समस्याओं पर सहमति जताते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।










