गोरखपुर, गोरखपुर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रविवार को महिला रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। नौ माह के कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण के बाद 493 महिला प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर पुलिस सेवा में कदम रखा। यह आयोजन न केवल प्रशिक्षुओं के लिए गौरव का क्षण रहा, बल्कि जनपद की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं के अनुशासन, एकरूपता एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की बढ़ती भागीदारी कानून-व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाएगी।
परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर आकांक्षा यादव ने किया, जबकि अजिता सिंह और अंजली तिवारी ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय परेड कमांडर के रूप में दायित्व निभाया। 12 टोलियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
गौरतलब है कि पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, लखनऊ के निर्देश पर 21 जुलाई 2025 से प्रदेश के 112 प्रशिक्षण केंद्रों में करीब 60,000 प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण शुरू हुआ था। इसी क्रम में गोरखपुर में 493 महिला प्रशिक्षुओं को शारीरिक दक्षता, कानून की जानकारी, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, हथियार संचालन और अनुशासन का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रशिक्षित पुलिस बल राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ होता है।
दीक्षांत परेड के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ सेवा करने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद 256 महिला आरक्षियों को गोरखपुर तथा 237 को कुशीनगर में तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य प्रशिक्षण संस्थानों से 983 आरक्षियों की तैनाती के साथ कुल 1239 पुलिसकर्मियों को जनपद के विभिन्न थानों में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन नई नियुक्तियों से जनपद में पुलिस बल की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों की बढ़ती संख्या से महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









