देवरिया, देवरिया जिले में मोहन सिंह सेतु की स्थिति को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। रविवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ सरयू तट पर पहुंचकर सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बगल में बने पीपे पुल का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सेतु की मौजूदा स्थिति पर नाराजगी जताई। रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अक्टूबर 2025 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया गया था और तत्कालीन एसडीएम को तीन माह का समय दिया गया था। इसके बावजूद अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने मौके से ही वर्तमान एसडीएम बरहज से टेलिफोनिक वार्ता कर मामले की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि वे हाल ही में पदभार संभाले हैं और मामले की जानकारी लेकर जल्द अवगत कराएंगे।

इस पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता मोहन सिंह सेतु पर व्यापक धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता।

रवि प्रताप सिंह ने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।