तेज रफ्तार बाइक विवाद की रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, चार आरोपी हिरासत में

भागलपुर/देवरिया। नगर पंचायत लार क्षेत्र के खीरी मुहल्ला में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद सात लोगों ने एक युवक को घेरकर चाकुओं से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व भेड़ीहरवा टोला के एक युवक और लार कस्बा के खीरी मुहल्ला निवासी कुछ लोगों के बीच बाइक तेज चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन आपसी रंजिश लगातार बढ़ती रही। इसी विवाद के चलते आरोप है कि सात लोगों ने युवक को घेर लिया और उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।

घायल युवक की पहचान लार कस्बा के खीरी मुहल्ला निवासी कबीर पुत्र समसुल अंसारी के रूप में हुई है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी कमलेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

कस्बा चौकी प्रभारी कमलेश यादव ने बताया कि घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।