देवरिया:
देवरिया जनपद में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “न्यायालय आपके द्वार” कार्यक्रम और जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत ग्राम गौरा बंगार, रायपुरा चकलाल, लवरछी और बरहज बांगर में विशेष कैंप लगाए गए, जहां कुल 107 राजस्व वादों का मौके पर ही निस्तारण कर वादकारियों को राहत दी गई।

ग्राम गौरा टोला, कटइलवा में आयोजित जन चौपाल की अध्यक्षता दिव्या मित्तल ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नाविकों को लाइफ जैकेट, बच्चों को पाठ्य पुस्तकें और जैविक दवाओं सहित कई योजनाओं का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए उन्हें बैग देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे और छूटे हुए लोगों को शीघ्र चिन्हित कर लाभान्वित किया जाए।

इस अवसर पर एडीएम बरहज हरिशंकर लाल, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के संकल्प के साथ जनसेवा को और प्रभावी बनाने में जुटा है।