देवरिया:
देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पिपराबरी गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक जोखन पांडे (35), पुत्र राममूरत पांडे, अपने छोटे भाई की बारात से लौट रहे थे। गुरुवार को वे कुशीनगर के हाटा क्षेत्र में बारात लेकर गए थे, जहां शादी समारोह संपन्न हुआ।
शुक्रवार सुबह घर लौटते समय देवकली चौराहे के पास तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह ट्रेलर के नीचे फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जहां नई बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार गूंज उठी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।








