देवरिया:
देवरिया जनपद के सलेमपुर मार्ग पर एक नशे में धुत लोडर चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूध से लदा लोडर देवरिया की ओर आ रहा था। इस दौरान देहरी गांव के मनीष यादव और दीपक यादव को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर कुछ समय के लिए अचेत हो गए।

आगे बढ़ते हुए लोडर ने महदहा के पास दो मोटरसाइकिल सवारों को भी चपेट में ले लिया, जबकि सोनाग मोड़ पर एक पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि चालक नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका था।

घटना के बाद भी चालक नहीं रुका और तेज रफ्तार में वाहन चलाता रहा। हरैया मोड़ पर जाम लगने के कारण स्थानीय लोगों ने वाहन को रोक लिया और चालक को पकड़कर उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया।

थाना अध्यक्ष दिनेश इंसान ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।