सरयू नदी में नहाते समय युवक की डूबकर मौत, एनडीआरएफ ने घंटों बाद शव निकाला

तुर्कीपार/बलिया। उभाव थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा सरयू घाट (बेल्थरा रोड) पर रविवार को नहाते समय एक युवक की घाघरा (सरयू) नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महुआतर निवासी कमलेश यादव के बड़े पुत्र शिवेन यादव उर्फ सनी यादव (19 वर्ष) सरयू घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ टीम ने नदी में काफी देर तक खोजबीन की।

घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सनी यादव सेंट्रल पब्लिक स्कूल के इंटरमीडिएट के छात्र बताए जा रहे हैं।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।