बरहज/देवरिया:
देवरिया के बरहज कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 50 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के चलते कई बिजली पोल और तार टूट गए, जिसके बाद से पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुताबिक 132 केवी लाइन के चार पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हुई है।

बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है, क्योंकि नलकूप और समरसेबल बंद पड़े हैं। वहीं इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं, जिससे दुकानों और छोटे कारोबारियों का कामकाज ठप हो गया है। सीएचसी बरहज में जनरेटर के सहारे काम चलाया जा रहा है, लेकिन मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मुद्दे पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थानीय नेताओं—विजय गुप्ता, मुकेश पटेल, अनिल निषाद, प्रदीप गुप्ता, मिथुन प्रसाद और रागिनी—ने चिंता जताते हुए जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

वहीं बिजली विभाग के एसडीओ अरविंद ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते आपूर्ति बाधित हुई है और मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने शाम तक बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश है। निवासी रामप्रवेश यादव का कहना है कि 50 घंटे से बिजली न होने के कारण बच्चे और बुजुर्ग गर्मी से बीमार पड़ रहे हैं, जबकि विभाग से संपर्क करना भी मुश्किल हो रहा है।