देवरिया। जिले के बरहज नगर स्थित रामलीला मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां लगा ट्रांसफार्मर अचानक धू-धू कर जल उठा। आग की लपटें उठते देख आसपास मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लोग वहां से नहीं हटते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बार-बार फोन करने के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी फोन उठाना जरूरी नहीं समझे।

लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि क्या आम जनता की जान की कोई कीमत नहीं है और क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रशासन से दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की जांच कर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है।