देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र के मदनपुर थाना अंतर्गत कोल्हुआं गांव में गुरुवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय बीरभद्र, पुत्र मेघनाथ शर्मा का शव उसके कमरे में छत के कुंडे से गमछे के सहारे लटकता हुआ पाया गया। काफी देर तक कमरे में कोई हलचल न होने पर परिजनों को संदेह हुआ, जिसके बाद जब वे अंदर पहुंचे तो यह दर्दनाक दृश्य देख सभी सन्न रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।










