भागलपुर शिव मंदिर में रहस्यमयी चोरी से हड़कंप: पीतल का नगाड़ा और घंटी गायब, पुलिस जांच में जुटी
भागलपुर/देवरिया। भागलपुर स्थित शिव मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व मंदिर से एक घड़ा चोरी हो गया था, जिसके बाद अब मंदिर में बजाए जाने वाले पीतल के नगाड़े के साथ लगी घंटी भी अज्ञात लोगों द्वारा खोलकर ले जाई गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के संरक्षक सतीश जायसवाल ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं शिव शंकर जायसवाल ने आशंका जताई कि यह किसी दूषित मानसिकता वाले अराजक तत्व का काम हो सकता है। उनका कहना है कि चोरी हुए सामान की कीमत अधिक नहीं है, इसलिए यह घटना केवल आर्थिक लाभ के लिए नहीं बल्कि जलन या दुर्भावना की भावना से भी की गई हो सकती है।
सूचना मिलने पर मईल पुलिस सक्रिय हुई और एसआई कमलेश अपनी टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और देर शाम तक मंदिर परिसर में लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
सूत्रों के अनुसार, भागलपुर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मारपीट की घटनाओं को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क है। हालांकि एसआई कमलेश ने बताया कि मंदिर मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वहीं दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में भी खबर लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
फिलहाल मंदिर में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

WhatsApp Channel
Join Now
What's your reaction?
Pradeep Kumar Maurya
समस्याएं तो उत्पन्न करने वाले से समस्याओं को हरा देने वाले बड़े होते हैं ✍️








