लखनऊ/उत्तर प्रदेश:
उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया।

आगरा, उन्नाव, प्रयागराज और अमेठी में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बरेली, नोएडा, मथुरा और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। सहारनपुर, मेरठ और आगरा में रुक-रुक कर बूंदाबांदी जारी है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में मौसम बदला है। विभाग ने पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के 58 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अप्रैल से 4 मई तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

विभाग ने महाराजगंज, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत कई जिलों में सतर्क रहने की सलाह दी है।