देवरिया से संवाददाता —
जिले के देवरिया खास स्थित कैम्प कार्यालय में पानी बचाओ महासंघ के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल दोहन और जल प्रदूषण के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।
बैठक के दौरान महिलाओं ने लाल साड़ी पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और जल संरक्षण का संदेश दिया। महासंघ के पदाधिकारी धर्मी आजाद ने कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध रूप से संचालित आरओ प्लांट और वाहन धुलाई केंद्र प्रतिदिन बड़ी मात्रा में मीठे पानी की बर्बादी कर रहे हैं, जिससे जल संकट गहराता जा रहा है।
महासंघ ने प्रशासन से इन संस्थानों की एनओसी की जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो महासंघ द्वारा हल्ला बोल अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में पुनीता जायसवाल, संध्या शर्मा, बिंदू देवी, शीला देवी, कांति देवी, मीना यादव, तीजा देवी, गायत्री पटेल, सरोज देवी, अनीता देवी, गायत्री राजभर, नंदनी आजाद, आरती देवी, अनन्या आजाद और गीता यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।










