जमीन विवाद में विधवा बेघर: ससुराल पक्ष पर कब्जे और मारपीट का आरोप, न्याय की गुहार
भागलपुर/देवरिया।
मईल थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव की एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर जमीन हड़पने और मारपीट कर घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर निवासी गीता देवी, पत्नी स्वर्गीय भूपेंद्र यादव, ने बताया कि उनके पति की वर्ष 2019 में गंभीर बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद उनके देवर सुशील, जेठ संजय यादव और सास सुशीला देवी उनकी जमीन-जायदाद पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर ससुराल पक्ष ने उनका उत्पीड़न शुरू कर दिया और मारपीट कर उन्हें घर से भगा दिया। इसके बाद वह लार थाना क्षेत्र के बदीहा परशुराम गांव स्थित अपने भाई ओमप्रकाश यादव के घर रहने को मजबूर हो गईं। उन्होंने बताया कि घर छोड़ते समय उनका सारा सामान और आभूषण वहीं रह गया था।
कुछ समय बाद जब गीता देवी अपने घर पहुंचीं तो देखा कि उनके मकान का ताला तोड़कर दूसरा ताला लगा दिया गया है। विरोध करने पर देवर ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी जान बचाई।
पीड़िता ने बताया कि वह वर्तमान में अपनी पुत्री संध्या के साथ भाई के घर रह रही हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और बेटी की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
गीता देवी ने समाधान दिवस अधिकारियों से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी नाम दर्ज जमीन के विवाद का जल्द निस्तारण कराया जाए, ताकि वह सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।

WhatsApp Channel
Join Now
What's your reaction?
Pradeep Kumar Maurya
समस्याएं तो उत्पन्न करने वाले से समस्याओं को हरा देने वाले बड़े होते हैं ✍️









