खड़ी गेहूं लदी ट्रॉली में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के रामजानकी महामार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा ट्रॉली में घुस गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के कोहड़ी बुजुर्ग गांव निवासी कुणाल यादव (20), अमन उर्फ अजय यादव (21) और अंकुर उर्फ प्रसून यादव (22) रविवार शाम करीब छह बजे स्कॉर्पियो से घूमने निकले थे। देर रात बड़हलगंज से गोला लौटते समय भर्रोह के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी सरकारी गेहूं से लदी ट्रॉली से जा भिड़ी।
हादसा इतना भयावह था कि चालक सीट पर बैठे कुणाल यादव और बगल की सीट पर बैठे अमन उर्फ अजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें पहले बड़हलगंज के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्कॉर्पियो बुरी तरह ट्रॉली में फंस गई थी, जिससे शवों और घायल को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी बुलानी पड़ी। टक्कर के बाद ट्रॉली पर लदे सरकारी गेहूं के बोरे भी सड़क पर बिखर गए।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद कोहड़ी बुजुर्ग गांव में मातम पसरा हुआ है। तीनों युवक आपस में दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और एक साथ घर से निकले थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।