देवरिया, बरहज।
देवरिया जनपद के बरहज नगर क्षेत्र में आयोजित गौ रक्षा यात्रा के दौरान अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ हत्या के मुद्दे पर लोगों को संबोधित करते हुए एकजुट होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय जयनगर परिसर में आयोजित हुआ, जहां स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पूजन-अर्चना एवं आरती का आयोजन भी किया गया।

अपने संबोधन में शंकराचार्य ने कहा कि समाज को जागरूक होकर ऐसे लोगों का विरोध करना चाहिए, जो गौ हत्या में संलिप्त हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चुनाव के दौरान ऐसे व्यक्तियों को समर्थन न दें और उनके खिलाफ सामाजिक स्तर पर विरोध दर्ज कराएं।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के अनुयायियों को एकजुट होकर गौ संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे और गौ रक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।