लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर राजधानी लखनऊ में बड़ा स्टिंग ऑपरेशन चलाकर 40 मनचलों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन में एक महिला IPS अधिकारी ने सूट-सलवार पहनकर आधी रात सुनसान सड़क पर अकेले खड़े होकर मनचलों को पकड़ने का जाल बिछाया।

जानकारी के अनुसार गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में रात 12 बजे के बाद महिला IPS अधिकारी सादी वर्दी में सड़क किनारे खड़ी हुईं। वहीं कुछ दूरी पर सिविल ड्रेस में पुलिस टीम ड्रोन और हिडन कैमरों की मदद से पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही थी।

करीब एक घंटे के भीतर 40 से अधिक बाइक और कार सवार युवक वहां पहुंचे। किसी ने लिफ्ट देने की पेशकश की, तो किसी ने मोबाइल नंबर मांगा। कुछ युवकों ने फब्तियां कसनी शुरू कर दीं, जबकि 7-8 युवकों ने गाड़ी रोककर महिला अधिकारी को घेरने की कोशिश भी की।

जैसे ही आरोपियों की हरकतें बढ़ीं, महिला IPS अधिकारी ने पुलिस टीम को संकेत दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद एंटी रोमियो स्क्वॉड और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी मनचलों को घेरकर पकड़ लिया।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन गरुड़” के तहत की गई। पकड़े गए आरोपियों पर आईपीसी की धारा 354 और पुलिस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही 12 वाहनों को सीज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि रात में अकेली महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। शहर के संवेदनशील इलाकों में सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती लगातार जारी रहेगी।