पत्रकार के किरायेदारों पर देर रात हमला, महिलाओं से अभद्रता के आरोप से बरियारपुर क्षेत्र में सनसनी
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के बगहा मठिया गांव में देर रात हुए मारपीट और अभद्रता के मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पत्रकार दिलीप कुमार के मकान में रह रहे किरायेदारों पर कथित रूप से दर्जनों लोगों द्वारा हमला किए जाने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चकियवा थाना कोतवाली निवासी पत्रकार दिलीप कुमार ने बगहा मठिया स्थित अपनी जमीन पर नया मकान बनवाकर कुछ लोगों को किराये पर कमरा दिया था। यहां रहने वाले लोग झांकी कार्यक्रमों के संचालन से जुड़े बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि झांकी संचालन करने वाले समूह के भीतर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गंभीर संघर्ष में बदल गया।
आरोप है कि 25 तारीख की रात करीब 10 से 15 लोग एकजुट होकर पत्रकार के मकान पर पहुंचे और वहां मौजूद किरायेदारों पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने जमकर मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए, जिससे परिवार दहशत में आ गया।
पीड़ितों के अनुसार, झांकी संचालन से जुड़े सत्यम नामक व्यक्ति को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जो अपने साथियों के साथ कथित रूप से सुनियोजित तरीके से मौके पर पहुंचा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले में सख्त कार्रवाई के बजाय समझौते का प्रयास किया गया।
घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र की होने के कारण स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने बरियारपुर थाना अध्यक्ष से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दोषियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आगे और बढ़ सकती हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

WhatsApp Channel
Join Now
What's your reaction?
Pradeep Kumar Maurya
समस्याएं तो उत्पन्न करने वाले से समस्याओं को हरा देने वाले बड़े होते हैं ✍️








