देवरिया।
लार थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लार पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम चनुकी पुलिया के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान उमेश प्रसाद पुत्र लाल जी प्रसाद निवासी बभनौली पाण्डेय थाना लार को एक सुपर स्प्लेंडर बाइक के साथ पकड़ा गया। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। जांच में वाहन का वास्तविक नंबर अलग निकला।

पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस और एक पल्सर बाइक शामिल है। पुलिस को दो बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट भी मिली।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों से संबंधित मुकदमे थाना भाटपाररानी और थाना लार में पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा कर दिया है।

थाना लार में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलेश यादव, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी विपुल गिरी, रिक्रूट आरक्षी राहुल भास्कर और रिक्रूट आरक्षी शिवम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।