देवरिया: कोटवां गांव में जलभराव की समस्या के चलते ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे घरों के सामने गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, नालियों में कीचड़ और दुर्गंध के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बच्चे और बुजुर्ग उल्टी, दस्त और बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।

ग्राम प्रधान पद्माकर मिश्र ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान नालियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। अब घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है।

उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए शासन को पत्र भेजकर नई नालियों के निर्माण की मांग की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।