देवरिया।
जनपद के विकास खंड भागलपुर अंतर्गत ग्राम कहाँव में जर्जर विद्युत पोल और लटकते 11,000 वोल्ट तार से बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर Sanjaydeep Kushwaha ने चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

उन्होंने बताया कि गांव में श्री केशव कुशवाहा सहित अन्य किसानों के खेत के पास स्थित विद्युत पोल पूरी तरह एक ओर झुक चुका है। इसके चलते हाईटेंशन तार नीचे की ओर झूल रहा है, जो बेहद खतरनाक स्थिति में है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह तार इतनी नीचे आ चुका है कि वहां से गुजरने वाले राहगीरों के सिर से टकराने का खतरा बना हुआ है। खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए भी यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है।

संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर जन-जीवन की सुरक्षा से जुड़ा है और प्रशासन की अनदेखी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, बरहज से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए जर्जर पोल को ठीक कराने और लटकते तार को सुरक्षित करने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।