जौनपुर। जिले में एक सनसनीखेज घटना में बारात के दौरान दूल्हे की कार पर नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें दूल्हे की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर जा रही थी। इसी दौरान मनेछा गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने दूल्हे की कार को चारों ओर से घेर लिया और कई राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग में दूल्हा आजाद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत खेतासराय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दूल्हे को मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इस घटना से दोनों गांवों में मातम और दहशत का माहौल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।










