संदिग्ध हालात में झोपड़ी में आग, तीन बाइक जलकर राख — उपनयन समारोह में हुआ था विवाद
देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी ओझा में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव में चल रहे उपनयन संस्कार कार्यक्रम के दौरान अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, अशोक पाठक के बेटे का उपनयन संस्कार था, जिसमें रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। रात में भोजन और मनोरंजन (आर्केस्ट्रा) का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मनपसंद गीत बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे कहासुनी और फिर मारपीट में बदल गया।
ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन कुछ समय बाद अराजक तत्वों द्वारा अशोक की झोपड़ी में आग लगा दी गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आग तेजी से फैल चुकी थी।
झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई
तीन बाइक (एक अशोक की और दो उनके रिश्तेदारों की) जल गईं चौकी, चारपाई और अन्य सामान भी नष्ट हो गया
सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कुछ लोगों का कहना है कि आग सिगरेट फेंकने से लगी, जबकि अन्य इसे विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।