देवरिया।
उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर गुठनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 134 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब से भरे एक 407 वाहन को भी जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार लार थाना क्षेत्र के मेहरौना पुल के रास्ते एक 407 वाहन बिहार में प्रवेश कर रहा था। गुठनी थाना क्षेत्र के सर्कल पूर्व चेक पोस्ट पर पुलिस द्वारा वाहन की जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन संख्या WB49/1637 से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से बृजेश कुमार और अनूप कुमार नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा 134 पेटी बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि शराब बिहार में अवैध सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी।

गुठनी पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।