भीषण गर्मी का अलर्ट: हीटवेव से फसलों को बचाने के लिए किसानों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी 

भागलपुर /देवरिया।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने जनपद के किसानों को चेतावनी देते हुए बताया कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण फसलों पर लू (हीटवेव) का खतरा बढ़ गया है। इस स्थिति से निपटने के लिए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुझाव जारी किए हैं, ताकि फसल सुरक्षित रहे और भूमि की नमी बरकरार रखी जा सके।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि फसल कटाई के बाद खेतों में अवशेष न जलाएं, बल्कि उनका उपयोग मल्चिंग के रूप में करें। इससे भूमि में नमी बनी रहती है और खरपतवार नियंत्रण में भी मदद मिलती है। साथ ही जैविक मल्च का प्रयोग फसलों के लिए अधिक लाभकारी बताया गया है।
सिंचाई के बेहतर प्रबंधन के लिए स्प्रिंकलर और ड्रिप प्रणाली अपनाने की सलाह दी गई है। नियमित अंतराल पर शाम के समय हल्की सिंचाई करने से नमी बनी रहती है और पानी की बचत भी होती है। खेतों में अंतःकर्षण क्रियाओं द्वारा तैयार मल्च से वाष्पीकरण को भी कम किया जा सकता है।
अधिक तापमान में रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से बचने और जैविक खाद अपनाने पर जोर दिया गया है। फसलों की बुवाई पंक्तियों में करने तथा खेतों को समतल रखने से सिंचाई जल का समान वितरण संभव होता है।
धान की नर्सरी के लिए विशेष सलाह देते हुए कहा गया है कि पर्याप्त नमी बनाए रखने हेतु शाम के समय सिंचाई करें और यदि कहीं जलभराव हो जाए तो तुरंत निकासी सुनिश्चित करें, ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे।