देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत चयनित छात्रा साक्षी दूबे को एक दिन के लिए जिलाधिकारी का दायित्व सौंपा गया। साक्षी ने जिलाधिकारी कक्ष में बैठकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की उपस्थिति और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक समझ विकसित करना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं में प्रशासनिक कार्यों को लेकर उत्साह और जिज्ञासा स्पष्ट दिखाई दी। अधिकारियों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।










