देवरिया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निस्तारण प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन के दौरान डीएम ने राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू की। उन्होंने अपने कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की जूम लिंक तैयार कराई है, जिसके माध्यम से संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद कर मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही अधिकारियों के सीयूजी नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए भी शिकायतें भेजने की व्यवस्था शुरू की गई है।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम हरपुर निजाम निवासी दिव्यांग दंपति रहमत अली और खुशबून अपनी जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचे। उनकी स्थिति देखकर जिलाधिकारी स्वयं उनके पास पहुंचे, उन्हें फल का पैकेट दिया और मामले की गंभीरता से सुनवाई की। डीएम ने सदर एसडीएम को मौके पर जाकर राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीम के साथ जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने दिव्यांग दंपति से सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी भी ली। पता चला कि खुशबून को दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर पेंशन दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही दंपति की दो वर्षीय बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया।
वहीं, सलेमपुर क्षेत्र की फरियादी सीता देवी अपनी चार वर्षीय बच्ची अंशिका के साथ जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचीं। बच्ची के स्कूल न जाने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उसे आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के निर्देश दिए और कहा कि बच्चों के बेहतर बौद्धिक विकास के लिए प्रारंभिक शिक्षा बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और प्राथमिकता दोनों सुनिश्चित की जाएं, ताकि आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके।










