देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम माधोपुर निवासी 20 वर्षीय विकास गुप्ता की मुंबई में चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में मातम छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास गुप्ता मुंबई में अपने माता-पिता के साथ रहकर कार्य करता था। वह रोज की तरह ड्यूटी पर जाने के लिए ट्रेन से सफर कर रहा था, तभी अचानक चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को लेकर परिजनों ने साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि संभवतः किसी ने उसे जानबूझकर ट्रेन से धक्का दिया होगा। हालांकि, घटना की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विकास तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी इस दुखद घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।