देवरिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिव्या मित्तल (जिलाधिकारी) ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर हाईस्कूल के 17 तथा इंटरमीडिएट के 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है।

इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. स्कन्द शुक्ल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समय के सदुपयोग और शिक्षा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया।

हाईस्कूल में साक्षी राय (96.50%), प्रीती यादव व श्वेता पटेल (96.33%), आकांक्षा सिंह (96.17%) सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं इंटरमीडिएट में सलोनी प्रजापति (93.60%), तुलिका चौरसिया (91.80%) और कुमार काजल पाल (91.60%) समेत कई विद्यार्थियों ने जिले का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक निलेश पांडेय, जीआईसी देवरिया के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र, उप प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद सहित कई शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।