देवरिया।
देवरिया पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 251 लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सर्विलांस टीम को 5000 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुमशुदा मोबाइलों को ट्रैक कर उनकी बरामदगी की। लगातार तकनीकी प्रयासों और जांच के बाद टीम ने 251 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किए।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसपी अभिजीत आर. शंकर ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ई-मेल और ऑनलाइन लिंक के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक या मोबाइल ऐप्स से दूरी बनाए रखें। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है और लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।










