देवरिया। जिले के लार क्षेत्र में राम-जानकी हाईवे निर्माण कार्य के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और अंडरपास निर्माण की मांग उठाई।

ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीआर कंपनी के मैनेजर को ज्ञापन सौंपते हुए सूतावर-कौसड़ मार्ग पर अंडरपास बनाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कौसड़ गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लार बाजार आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि दैनिक जरूरतों के सामान की खरीदारी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी और प्रशासन की होगी।

इस दौरान अशोक सिंह, महेश सिंह, रविंद्र सिंह, हरिकेवल, लक्ष्मीचंद यादव, समरजीत सिंह, राणा प्रताप सिंह, नंदलाल यादव, रामेश्वर सिंह, कमलेश यादव, रमेश कुमार सिंह, वीरेंद्र यादव, अर्जुन यादव, जितेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, रामनारायण यादव और योगेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।