देवरिया। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विदाई समारोह में स्थानांतरित जिलाधिकारी Divya Mittal को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा उन्हें बुके व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि देवरिया में मिला प्रेम और स्नेह उनके लिए अविस्मरणीय है और इसे वह जीवन भर याद रखेंगी। उन्होंने जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की टीम ने हमेशा जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने जिलाधिकारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया।
समारोह में अधिवक्ताओं एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डीजीसी नवनीत मालवीय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









