देवरिया:
जनपद में विकास कार्यों को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मंगलवार को ‘दिशा’ (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद शशांक मणि ने की, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष्मान भारत समेत कई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही हाईवे और रेलवे परियोजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए सराहना की। सांसद शशांक मणि ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पात्रों तक पहुंचाया जाए और गुणवत्ता के साथ कार्यों को धरातल पर उतारा जाए।

बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विद्युत विभाग को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गेहूं खरीद की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में संचालित 107 क्रय केंद्रों के माध्यम से अब तक करीब 6 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।

इसके अलावा गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। पशुओं के लिए पेयजल, चारा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।