देवरिया। जिले के भाटपार रानी थाना क्षेत्र में छोटी गंडक नदी में नहाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर चार युवक एक साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवक नदी के गहरे पानी और तेज बहाव में चले गए, जिससे वे डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और तत्काल खोजबीन शुरू की गई।

हादसे में मृतकों की पहचान अतुल कुशवाहा (पुत्र रामसेवक कुशवाहा) और किशन गुप्ता (पुत्र रंजीत गुप्ता) के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटी गंडक नदी के कई स्थानों पर पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें दो दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।