देवरिया। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना ने खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात के स्वागत की तैयारी थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गौर कोठी निवासी पार्वती की आज शादी थी और बारात आने वाली थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इसी बीच बरियारपुर चौराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दुल्हन पार्वती की मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिन हाथों में मेंहदी रचनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और हर किसी की आंखें नम हैं।










