देवरिया/भटनी। भटनी थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के निवासी राजू चौरसिया के बच्चे को एक युवक चॉकलेट देकर बहलाकर खेतों के रास्ते ले जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़ा गया युवक पास के गांव का रहने वाला है और कथित रूप से नशे की हालत में था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










