भागलपुर/देवरिया। भागलपुर क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे उगी कटीली झाड़ियां, उड़ती धूल और जंगली जानवरों की आवाजाही राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों में नीलगाय सहित अन्य जंगली जानवर छिपे रहते हैं और अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे बाइक सवारों के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई बार छोटे जानवर वाहनों की चपेट में आकर मृत अवस्था में सड़क किनारे पड़े मिलते हैं।

वर्तमान में मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य जारी है, जिसके चलते भारी वाहनों द्वारा मिट्टी ढुलाई की जा रही है। ट्रकों के आवागमन से उड़ रही धूल ने राहगीरों और दुकानदारों की परेशानी और बढ़ा दी है। अचानक आंखों में धूल जाने से वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय नागरिक रामनाथ, संतोष कुमार, मनोज कुमार और बिजेंद्र गिरी ने बताया कि धूल के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और छोटे दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि कभी-कभार पानी का छिड़काव किया जाता है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे की झाड़ियों की जल्द सफाई कराई जाए, नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए और जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।