देवरिया के बी.आर.डी.बी.डी.पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शम्भुनाथ तिवारी ने लखनऊ में आयोजित समीक्षा बैठक में महाविद्यालय की प्रगति आख्या राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत की। यह बैठक राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में जन भवन में आयोजित हुई, जिसमें दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध 11 शासकीय और 21 अनुदानित महाविद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए। इस दौरान प्राचार्य ने पीपीटी के माध्यम से महाविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रस्तुतीकरण में संकाय, पाठ्यक्रम, पुस्तकालय, शोध कार्य, खेल गतिविधियां, नियुक्तियां, छात्र संख्या, प्रयोगशालाओं की स्थिति और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं का विवरण साझा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं बल्कि समाज निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने शिक्षकों और प्राचार्यों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।










