देवरिया/बरहज। तहसील सभागार बरहज में शनिवार को अपर जिलाधिकारी प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 32 मामले प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व के 21, पुलिस के 6, खाद्य एवं रसद के 3 तथा अन्य विभागों के 2 मामले शामिल रहे।

अधिकारियों ने मौके पर ही राजस्व के 3 और खाद्य एवं रसद के 2 मामलों का निस्तारण कर दिया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। फरियादियों ने क्रमवार अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

वहीं, बार एसोसिएशन तहसील बरहज की एक आपात बैठक अध्यक्ष चन्द्रभूषण यादव एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अधिवक्ताओं की हड़ताल समाप्त नहीं, बल्कि फिलहाल स्थगित की गई है।

निर्णय के अनुसार 4 मई 2026, सोमवार से न्यायिक कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। अधिवक्ता विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे, जबकि प्रत्येक शुक्रवार को पूर्णकालिक हड़ताल जारी रहेगी।

इस दौरान एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एसडीएम हरिशंकर लाल, तहसीलदार अरुण कुमार यादव, नायब तहसीलदार रविंद्र मौर्य, तहसील अध्यक्ष चन्द्र गुप्त यादव, महामंत्री अमरेश यादव व गिरिश चन्द वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।