देवरिया: बरहज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को निःशुल्क कैंसर प्राथमिक जांच एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक चले इस शिविर में कुल 117 मरीजों की जांच की गई।

शिविर में डॉ. नरेंद्र बिरबिया और डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। जांच के दौरान अधिकांश मरीज स्तन में गांठ, गर्भाशय संबंधी समस्याएं, मुंह के छाले और पाचन विकार से पीड़ित पाए गए।

डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने एएनएम, आशा और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देते हुए बताया कि भारत में स्तन और सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में पहले और दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीन, स्तन कैंसर की पहचान के लिए सेल्फ एग्जामिनेशन, क्लीनिकल जांच और मेमोग्राफी की आवश्यकता पर जोर दिया।

शिविर प्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि देर से विवाह, कम स्तनपान और बदलती जीवनशैली स्तन कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई मामलों में कैंसर का पता चौथी अवस्था में चलता है, इसलिए किसी भी असहजता पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीएन यादव सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग रहा। इस दौरान मरीजों को कैंसर जागरूकता से संबंधित पत्रक भी वितरित किए गए।