देवरिया/बरहज। बरहज क्षेत्र में बिजली समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर, प्री-पेड बिलिंग और लोकल फॉल्ट समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपा।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एसडीओ, जेई एवं अन्य विद्युतकर्मी आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी करते हैं और उनका व्यवहार भी सहयोगात्मक नहीं है। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं किया जा रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से स्मार्ट मीटर हटाकर मैनुअल मीटर लगाने, प्री-पेड बिलिंग को पोस्टपेड में बदलने, लोकल फॉल्ट को तत्काल ठीक करने और जले ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के भीतर बदलने की मांग की गई है। इसके अलावा गलत बिलों के निस्तारण और कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार की भी मांग उठाई गई।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन और घेराव करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।
इस दौरान आनंद जायसवाल, मनोज गुप्ता, अजीत जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, अमित जायसवाल, अमरजीत सोनकर, मुरारी अग्रवाल, राकेश जायसवाल, बृजेश चौहान, पुरुषोत्तम गुप्ता, महेश जायसवाल सहित कई उपभोक्ता उपस्थित रहे।










