तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली युवक की जान, चालक फरार
भागलपुर/देवरिया। भटनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान अजय कुशवाहा (25 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय गुलाब कुशवाहा, निवासी पड़री तिवारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुशवाहा अपने ससुराल से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भटनी सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार का माहौल बन गया और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति में थी, जिससे हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।










