मुंबई।
बांग्ला फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका बनर्जी अब हिंदी सिनेमा और वेब सीरीज़ की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं।
कम उम्र में अभिनय की शुरुआत करने वाली प्रियंका की अब तक छह बांग्ला फिल्में रिलीज़ हो चुकी हैं, जो उनके अनुभव और समर्पण को दर्शाती हैं। उन्होंने खुद को केवल एक भाषा या इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रखा, बल्कि मराठी फिल्म जलेबी में स्वप्निल जोशी के साथ स्क्रीन साझा किया। इसके अलावा हिंदी शॉर्ट फिल्म ताल्लुक में अनुप्रिया गोयनका के साथ काम कर उन्होंने हिंदी दर्शकों के बीच भी अपनी पहचान बनाई।
प्रियंका बताती हैं कि वह माधुरी दीक्षित से प्रेरित हैं और मानती हैं कि एक कलाकार को ऐसे किरदार चुनने चाहिए जिनमें विविधता और गहराई हो। उन्हें चुनौतीपूर्ण भूमिकाएँ निभाना पसंद है, जहां अभिनय की असली परीक्षा होती है।
अपने शुरुआती सफर को याद करते हुए प्रियंका कहती हैं कि बचपन में एक डांस रियलिटी शो से उन्हें कैमरे के सामने आने का मौका मिला। वहीं से अभिनय के प्रति उनका झुकाव बढ़ा। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग क्लास जॉइन कर खुद को और निखारा।
फिलहाल उनका पूरा फोकस हिंदी फिल्म और वेब सीरीज़ पर है, और इस दिशा में उनके कुछ प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में हैं। वह भविष्य में संजय लीला भंसाली, आमिर खान और धर्मा प्रोडक्शन के साथ काम करने की इच्छा रखती हैं।
प्रियंका मुंबई को अपने सपनों का शहर मानती हैं। उनका मानना है कि सफलता के लिए केवल सपने देखना काफी नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही किसी को उसकी मंज़िल तक पहुंचाते हैं।









