रिपोर्ट: नागेंद्र कुमार तिवारी
जिला संवाददाता, द फेस ऑफ इंडिया
जौनपुर (उत्तर प्रदेश) जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जन सेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना का खुलासा कर दिया। जाफराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में जाफराबाद थाना क्षेत्र में एक जन सेवा केंद्र संचालक के साथ लूट की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, अवैध असलहा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक श्री गोल्डी गुप्ता ने बताया कि लूट की घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।






